मुंबई। बॉलीवुड के युवा अभिनेता आर्यन खान (अभिनेता शाहरुख खान और गौरी खान के बेटे) को टाइम100 नेक्स्ट इंडिया पहले कवर पर जगह मिली है। उनके साथ फिल्म निर्देशक पायल कपाड़िया और थेजा रियो भी इस खास कवर का हिस्सा बने हैं। तीनों फिल्मकारों को भारतीय सिनेमा के बदलते स्वरूप में उनके योगदान और नई पीढ़ी की आवाज के रूप में पहचान मिली है। आर्यन खान को नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड से निर्देशन करियर को शुरु करने के लिए सराहना मिली है। उन्हें फिल्म निर्माण के अपने अलग अंदाज और युवा दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बड़े बजट का मनोरंजन पेश करने के प्रयासों के लिए टाइम100 नेक्स्ट इंडिया में शामिल किया गया है। टाइम100 कवर पर शामिल पायल कपाड़िया अपनी फिल्म ऑल वी इमैजिन एज लाइट के लिए जानी जाती हैं। साल 2024 में उन्होंने अपनी पहली फिक्शन फीचर फिल्म के लिए 77वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में ग्रां प्री पुरस्कार जीता था। थेजा रियो की पहली फीचर फिल्म अंग्ह को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहचान मिली थी। अमेरिकी मीडिया हाउस टाइम मैग्जीन विश्व में उल्लेखनीय, सकारात्मक प्रभाव डालने वाले लोगों का चुनाव कर उनका फोटो, परिचय आदि प्रकाशित करती है, जिसे दुनिया भर में पहचान मिलती है।
मालूम हो कि आर्यन खान की निर्देशित पहली वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड सितंबर 2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। सात एपिसोड की इस सीरीज में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सत्ता, आपसी प्रतिस्पर्धा, स्टारडम, सेलिब्रिटी संस्कृति और फिल्मी दुनिया में बाहरी लोगों के संघर्ष को व्यंग्यात्मक अंदाज में दिखाया गया है। द बैड्स ऑफ बॉलीवुड सीरीज की कहानी आसमान सिंह (लक्ष्य) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो फिल्मी दुनिया में बड़ा नाम कमाने का सपना लेकर आता है। इस सफर में उसका दोस्त परवेज (राघव जुयाल) और मैनेजर सान्या (आन्या सिंह) उसका साथ देते हैं। सीरीज में कॉमेडी, ड्रामा और एक्शन के साथ बॉलीवुड की दुनिया से जुड़े कई चर्चित संदर्भ भी देखने को मिले। शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस सीरीज में लक्ष्य, सहर बांबा, बॉबी देओल, राघव जुयाल, आन्या सिंह, मनीष चैधरी, मोना सिंह, विजयंत कोहली, मनोज पाहवा, गौतमी कपूर और रजत बेदी सहित कई कलाकार नजर आए।







Bhadhai