न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत ने 13 नवंबर को जारी आदेश में अपने क्लर्क को निर्देश दिया कि खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर मुकदमे के सिलसिले में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को दिल्ली की अदालतों के जरिए समन भेजने का आदेश दिया है। आदेश में कहा गया है कि डोभाल के लिए समन और संबंधित न्यायिक दस्तावेज पटियाला हाउस जिला अदालत तथा गोयल के लिए द्वारका और तीस हजारी जिला अदालतों को भेजे जाएं। न्यायाधीश कैथरीन पोल्क फैला ने अपने आदेश में कहा, यह अदालत इस सिविल मुकदमे में प्रतिवादियों को कानूनी दस्तावेज तामील कराने के लिए संबंधित भारतीय अदालतों से सहयोग का अनुरोध करती है।
अमेरिकी जिला अदालत ने हेग कन्वेंशन और भारतीय नागरिक प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के संबंधित प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि विदेशी अदालतों द्वारा जारी समन भारतीय अदालतों के माध्यम से तामील कराए जा सकते हैं। सीपीसी के तहत केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित विदेशी सिविल अदालतों के समन भारतीय अदालतों को भेजे जा सकते हैं और उनकी तामील घरेलू अदालतों के समन की तरह की जा सकती है। अमेरिकी अदालत के आदेश के मुताबिक, हेग कन्वेंशन के तहत भारत के केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से समन भेजने की सामान्य प्रक्रिया अपनाने का प्रयास किया गया था, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद अदालत ने कन्वेंशन के अनुच्छेद 19 और भारतीय सीपीसी के संबंधित प्रावधानों के तहत समन भेजने के वैकल्पिक तरीके को मंजूरी दी।
गुरपतवंत सिंह पन्नू गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपनी हत्या की साजिश को लेकर हर्जाने की मांग करते हुए यह सिविल मुकदमा दायर किया है। अमेरिका में प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) से जुड़ा पन्नू भारत की जांच एजेंसियों को विभिन्न आतंकवाद संबंधी आरोपों में वांछित है। उसने आरोप लगाया है कि डोभाल ने भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रॉ की मदद से उसकी हत्या की कथित साजिश रची थी। अक्टूबर 2026 में अमेरिकी अदालत ने अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से भारत में अमेरिकी दूतावास को भेजे गए राजनयिक नोट के माध्यम से डोभाल और गोयल को समन पहुंचाने का प्रयास किया था। यह सिविल मुकदमा उसी अदालत में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता और रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव के खिलाफ कथित हत्या की सुपारी देने की साजिश से जुड़ी अमेरिकी आपराधिक कार्यवाही से अलग है। आरोपों के मुताबिक निखिल गुप्ता को भारत के खुफिया अधिकारी ने पन्नू की हत्या करने के लिए ठेका दिया था, जिसके लिए कुछ रकम अग्रिम दी गई। हालांकि अपना काम करने से पूर्व ही गुप्ता चैक गणराज्य में पकड़ा गया और अब अमेरिका की कैद में है। उसने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है।
भारत ने पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को खारिज करते हुए इसे मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर किए गए ऐसे निराधार हमलों और तुच्छ मुकदमों को खारिज करता है। उन्होंने कहा था कि भारत में न्यायिक दस्तावेजों की तामील का अनुरोध केवल भारत के नामित केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून एवं न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही भेजा जा सकता है। अमेरिकी सरकार इस मुकदमे में पक्षकार नहीं है।







