मुंबई। सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी अब करोड़ों लोगों के लिए जरूरी काम बन गया है, बड़ी जिम्मेदारी। अगर ठीक-ठीक तरह और तय समय पर पोस्ट न की जाए तो रिस्पांस अच्छा नहीं मिलता। इसलिए मजबूरी बन जाती है कि कंटेंट अच्छा हो और नियमित समय पर पोस्ट किया जाए। अभिनेत्री करिश्मा तन्ना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर वीडियो शेयर करती रहती हैं। गुरुवार को उन्होंने एक वीडियो शेयर कर फैंस से जरूरी सवाल भी किया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें वो पुराने दिन याद आते हैं, जब सोशल मीडिया पर जिंदगी की झलक शेयर करना बहुत आसान था। तब लोग बिना कैमरा एंगल, लाइटिंग और पोस्ट करने के सही टाइम के बारे में सोचे, कोई भी फोटो डाल देते थे। #KarishmaTanna ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, सही तस्वीर सही टाइम पर। इसी से मुझे सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिलता है। अच्छी लाइटिंग, इवेंट से पहले की तस्वीरें, और तो और कैंडिड फोटो भी पहले से प्लान की जाती हैं। अपनी जिंदगी का थोड़ा सा हिस्सा शेयर करना इतना बड़ा काम कब बन गया? उन्होंने आगे लिखा, मुझे वो पुराने दिन याद आते हैं, जब मैं डिनर की कोई धुंधली सी तस्वीर या अपने डॉग कोको की कोई रैंडम फोटो सिर्फ इसलिए डाल देती थी, क्योंकि उसे देखकर मुझे खुशी मिलती थी। वो कैंडिड थी, वो असली थी और वो मैं थी। खैर मैं ये पोस्ट अभी इसलिए कर रही हूं क्योंकि मेरा मन कर रहा है। चाहे ट्रैक्शन का टाइम कुछ भी हो।
करिश्मा ने फरवरी 2022 में बिजनेसमैन वरुण बंगेरा से एक छोटे से समारोह में शादी की थी। इस कपल ने 29 जुलाई 2026 को अपने पहले बच्चे, बेटे वेद का स्वागत किया था। करिश्मा तन्ना इन दिनों अपनी आगामी फिल्म मॉम 2 को लेकर चर्चा में हैं, जो दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की 2017 की फिल्म मॉम का सीक्वल है। इस थ्रिलर फिल्म का निर्देशन गिरीश कोहली कर रहे हैं। इसे बोनी कपूर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में करिश्मा तन्ना के साथ खुशी कपूर और जिशु सेनगुप्ता अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग मुंबई और ग्रीस के अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के पास फिल्म सिटी में भी की गई है।
Posting on social media has become a major responsibility; engaging content and adherence to schedules are essential Karishma Tanna







