सिगरेट मांगने के बहाने एक आरोपित ने महिला दुकानदार का हाथ पकड़ लिया। जब महिला ने धक्का दिया तो आरोपित जमीन पर गिर गया और गालीगलौज करने लगा। यह देख पड़ोसी ने बीच बचाव कर आरोपित को घर तक छोड़ दिया। इससे आक्रोशित आरोपित ने पार्षद के साथ मिलकर हंगामा करते हुए देर रात पड़ोसी की कार क्षतिग्रस्त कर दी। मामले में पीड़ित महिला ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह ट्रांजिट कैंप जनपथ रोड रुद्राक्ष कालोनी निवासी मंजू कोली पत्नी दीनानाथ कोली ने बताया कि घर के बाहर उसकी किराने की दुकान है। पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति की भी किराने की दुकान है। वह आए दिन उससे छेड़छाड़ करता रहता है। 20 अक्टूबर की रात वह अपने दुकान पर थी। इसी बीच पड़ोसी दुकानदार नशे की हालत में आया और सिगरेट मांगते हुए उसका हाथ पकड़ लिया।













